प्रेमावशेष
प्रेमावशेष : विरहदग्ध अन्तःकरण का आर्तनाद
जब घनमण्डल के गर्भ से मेघनिनाद मुखरित होता है,
जब वृष्टिधारा के संस्पर्श से धरा का उर पुलकित होता है।
तब अम्बर की गर्जना में कोई अन्तर्निहित वेदना बोलती है, प्रकृति भी मानो अपने विरहाकुल अन्तः का क्रन्दन खोलती है।
तुमने परित्यक्त किया मुझे उस सन्धिक्षण में,
जब अनुरक्ति ने मूलाधार पा लिया था मेरे जीवन में।
जब तुम्हारे सान्निध्य की अभ्यस्त हो चुकी थीं मेरी चेतनाएँ, जब तुम्हारी स्मृतियाँ ही थीं मेरी समस्त भावनाओं की दिशाएँ।
तुम अनभिज्ञ न थीं मेरे अन्तःस्थल की द्रवणशील प्रकृति से, परिचित थीं मेरी निष्कलुष प्रीत की अगाध अनुभूति से।
तुम जानती थीं, मैं अनुराग में स्वयं का अस्तित्व विस्मृत कर दूँगा,
तुम्हारे क्षणिक सान्निध्य हेतु अपना सम्पूर्ण व्यक्तित्व समर्पित कर दूँगा।
और आज तुम्हारे अधरों से ही उपदेशित होता है, 'प्रसन्न रहना!'
कितना सहज है तुम्हारे लिए यह वाक्य उच्चारित करना, जबकि मेरे अन्तःकरण को स्वयं अपने ही अवशेषों में जीवित रहना।
जिस हृदय में कभी प्रणय-पल्लवन की ऋतुएँ अवतरित होती थीं,
वहीं आज विरह-विभीषिका की दग्ध विभूतियाँ विचरती हैं। जिस अन्तःपुर में तुम्हारी स्मृतियों का दीप प्रज्वलित रहता था,
वहाँ अब निस्तब्धता का साम्राज्य और नैराश्य का तम व्याप्त रहता है।
कथं विस्मरामि उस अनुरागमयी अनुभूति का समर्पण, जिसके निमित्त कर दिया था मैंने निज अस्तित्व का विसर्जन। तुम्हारे लिए सम्भवतः प्रणय एक क्षणिक भावावेश रहा होगा, किन्तु मेरे लिए वही जीवन का परम पुरुषार्थ रहा होगा।
अब न अभिलाषाओं का कोई अवशिष्ट स्पन्दन है,
न प्रतीक्षाओं में पूर्ववत् कोई चिरन्तन आकर्षण है।
केवल स्मृतिशेष अनुराग का धूमिल अवशेष विद्यमान है,
और भग्न अन्तःकरण में एक मौन, अनुत्तरित आह विद्यमान है।
तुमने तो केवल सम्बन्ध का परित्याग किया था,
मैंने तो तुम्हारे पश्चात् स्वयं से ही संवाद खो दिया।
तुम्हारे लिए विरह सम्भवतः एक अध्याय का अवसान था,
मेरे लिए तो वह सम्पूर्ण जीवन-दर्शन का श्मशान था...!!
टिप्पणियाँ